World · BREAKING
आम के पेड़ के नीचे बैठे दंपती पर गिरी बिजली, पति की मौत, पत्नी झुलसी

..
मदनपुर (औरंगाबाद)
देवजरा थाना क्षेत्र के घोड़ाडीहरी गांव में बुधवार को बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से 30 वर्षीय विजय भुइयां की मौत हो गयी, जबकि उनकी पत्नी कविता देवी (28) गंभीर रूप से घायल हो गयीं। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जाता है कि बुधवार को बारिश के दौरान विजय भुइयां अपनी पत्नी कविता देवी के साथ घर के समीप आम के पेड़ के नीचे बैठे थे। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ पेड़ पर वज्रपात हो गया। बिजली की चपेट में आने से दोनों पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलस गये। घटना के बाद आसपास के लोगों और परिजनों में अफरा-तफरी मच गयी।
परिजन आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मदनपुर लेकर पहुंचे। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. दयानंद प्रभाकर ने जांच के बाद विजय भुइयां को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल कविता देवी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर मदनपुर थाना के एसआई रोहित कुमार अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया। देवजरा थानाध्यक्ष कुशो कुमार ने बताया कि वज्रपात से युवक की मौत की जानकारी मिली है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
विजय भुइयां अपने पीछे एक पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गये हैं। कम उम्र में परिवार के मुखिया की मौत से बच्चों और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद से घोड़ाडीहरी गांव में शोक का माहौल है।