World · BREAKING

चाची_ने_ही_दो_वर्षीय_मासूम_की_हत्या कर नहर में फेंका, पुलिस ने किया त्वरित उद्भेदन

गिरफ्तार आरोपित महिला ने पुलिस पूछताछ में बताई घटना की वजह, एसआईटी ने कुछ ही घंटों में बच्चे का शव बरामद किया

Admin ·3 min read ·October 2, 2026 ·4 views
चाची_ने_ही_दो_वर्षीय_मासूम_की_हत्या कर नहर में फेंका, पुलिस ने किया त्वरित उद्भेदन
दाउदनगर (औरंगाबाद)। दाउदनगर थाना क्षेत्र के मनार टोला गंगा बिगहा गांव में दो वर्षीय मासूम भोला कुमार उर्फ प्रिंस कुमार की हत्या का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन कर दिया है। पुलिस के अनुसार, मासूम की हत्या उसकी चाची ने ही की थी। मामले में पुलिस ने 25 वर्षीय नीतू कुमारी को गिरफ्तार किया है। दाउदनगर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ चंद्रभूषण ने बताया कि गुरुवार को विकास यादव की पत्नी संगीता देवी ने अपने दो वर्षीय पुत्र भोला कुमार के गायब होने के संबंध में लिखित आवेदन दिया था। इसके आधार पर दाउदनगर थाना कांड संख्या 675/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस अधीक्षक, औरंगाबाद के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में थाना स्तर पर एसआईटी गठित कर तत्काल अनुसंधान एवं छापेमारी शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम, डॉग स्क्वायड, गुप्तचर तंत्र, सूचना संकलन तथा तकनीकी माध्यमों की मदद ली गई। पुलिस टीम ने शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे वादिनी के घर के बगल स्थित नहर से गायब बच्चे का शव बरामद किया। अनुसंधान के दौरान एक महिला नीतू कुमारी को संदिग्ध मानते हुए पूछताछ के लिए थाना लाया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। नीतू ने पुलिस को बताया कि संगीता देवी उसकी जेठानी है। उसके अनुसार, उसके जेठ और जेठानी उसके पति को उसके खिलाफ भड़काते थे, जिससे उसके पति के मन में उसके प्रति प्रतिशोध की भावना रहती थी। पुलिस के अनुसार, इसी कथित पारिवारिक विवाद और प्रतिशोध की भावना में गुरुवार की शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच नीतू मासूम भोला को गोद में लेकर घर के पास स्थित नहर के पास गई और उसे नहर में फेंक दिया। इससे बच्चे की मौत हो गई। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित महिला को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। एसआईटी में शामिल पुलिसकर्मी: पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष विकास कुमार, एसआई नेहा कुमारी, सुदीश कुमार, विक्की कुमार सक्सेना, प्रदीप कुमार-2, परमानंद कुमार, अभिषेक कुमार, अनिल कुमार एवं शैलेश कुमार शामिल थे।