World · BREAKING
बारुण में 84 किलो के करीब गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, XUV-500 भी जब्त।

बारुण (औरंगाबाद): बारुण थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 84 किलोग्राम गांजा के साथ चार अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद करने के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त महिंद्रा XUV-500 (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01BB-9328) को भी जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारुण थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बब्लू गुप्ता होटल के समीप एक महिंद्रा XUV-500 में गांजा की बड़ी खेप लेकर कुछ लोग जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर वाहन को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से विभिन्न रंगों के प्लास्टिक बोरे, झोले और पिट्ठू बैग में कुल 81 पैकेट गांजा बरामद किया गया, जिसका कुल वजन 83.969 किलोग्राम पाया गया। बरामदगी में हरे रंग के प्लास्टिक बोरे से 25 पैकेट, पीले रंग के प्लास्टिक बोरे से 25 पैकेट, लाल रंग के झोले से 15 पैकेट, काले-पीले रंग के झोले से 5 पैकेट, ब्लू रंग के पिट्ठू बैग से 5 पैकेट तथा काले रंग के पिट्ठू बैग से 5 पैकेट गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों की पहचान मनोज कुमार (26 वर्ष), पिता कृष्णा साव, ग्राम हरिहरगंज, थाना हरिहरगंज, जिला पलामू (झारखंड), धीरज कुमार गुप्ता (47 वर्ष), पिता स्व. गोरखनाथ प्रसाद, सुरेश सिंह (करीब 60 वर्ष), पिता मेवालाल सिंह, तथा प्रिंस कुमार (करीब 22 वर्ष), पिता सुरेश सिंह, तीनों निवासी न्यू डेलिया, थाना डेहरी, जिला रोहतास के रूप में हुई है।
बारुण थाना पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गांजा की खेप के स्रोत और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है।