World · BREAKING
गणेश पूजा महोत्सव में पहुंचे मगध रेंज के आईजी विकास वैभव, महाआरती में हुए शामिल

दाउदनगर। दाउदनगर के मगध होटल के पास श्रीश्री गणेश पूजा समिति द्वारा आयोजित गणेश पूजा महोत्सव में बुधवार की शाम मगध रेंज के आईजी विकास वैभव शामिल हुए। उनके पहुंचने पर पूजा समिति के सदस्यों ने बुके एवं गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया।
आईजी विकास वैभव पूजा स्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने समिति द्वारा स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा महाआरती में शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
पूजा समिति के सदस्यों द्वारा आईजी विकास वैभव को अंगवस्त्र एवं रामचरितमानस की प्रति भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा गया।
महाआरती समाप्त होने के बाद आईजी विकास वैभव ने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा, एकता और सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है तथा लोगों के बीच आपसी जुड़ाव बढ़ता है।
कार्यक्रम में पूजा समिति के सदस्य, स्थानीय गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।