World · BREAKING
मारपीट में गंभीर रूप से घायल वृद्ध महिला की इलाज के दौरान मौत|

दाउदनगर (औरंगाबाद)। दाउदनगर थाना क्षेत्र के उचकुंधा गांव में महिलाओं के बीच उत्पन्न आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल 75 वर्षीय वृद्ध महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान उचकुंधा गांव निवासी स्व. सत्यनारायण की पत्नी पार्वती कुंवर के रूप में की गई है।
बताया जाता है कि 21 सितंबर को महिलाओं के बीच हुए विवाद के दौरान पार्वती कुंवर के साथ मारपीट की गई थी। घटना के संबंध में मृतका के भतीजे रविरंजन कुमार द्वारा दाउदनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। प्राथमिकी में चार महिलाओं को नामजद आरोपित बनाया गया है।
प्राथमिकी में रविरंजन कुमार ने आरोप लगाया है कि उनकी फुआ पार्वती कुंवर घर पर बैठी थीं। इसी दौरान नामजद आरोपित महिलाओं ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें घर से बाहर निकाल दिया। बताया गया है कि जब रविरंजन भैंस चराकर घर पहुंचे तो उन्होंने अपनी फुआ को बेहोशी की हालत में देखा। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए दाउदनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार की रात पार्वती कुंवर की मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।