World · BREAKING
नहर में डूबने से दो वर्षीय मासूम की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

दाउदनगर (औरंगाबाद )दाउदनगर थाना क्षेत्र के बुकनापुर गांव में शुक्रवार को खेलने के दौरान माली रजवाहा लाइन नहर में गिरकर डूब जाने से दो वर्षीय मासूम की मौत हो गई। मृतक की पहचान बुकनापुर निवासी मिथिलेश कुमार के दो वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि आर्यन घर के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह अचानक नहर में गिर गया और तेज बहाव में बह गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए उसकी खोजबीन शुरू कर दी। काफी तलाश के बाद बच्चा देवदतपुर पुल के समीप नहर में लगे जाल में फंसा मिला। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालकर तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, दाउदनगर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे लोगों की आंखें भी नम हो गईं। गोरडीहां पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि नागेंद्र सिंह, मनार पंचायत के पूर्व मुखिया प्रतिनिधि अशोक सिंह, पूर्व मुखिया उपेंद्र राम सहित अन्य लोगों ने अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।