World · BREAKING
नवीनगर रेलवे स्टेशन पर लावारिस बैगों से करीब 32 किलो गांजा बरामद, तस्करों की तलाश में जुटी रेल पुलिस.

बारुण. रेलवे स्टेशनों के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आरपीएफ और जीआरपी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. नवीनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो पर लावारिस हालत में रखे सामान की तलाशी के दौरान 31.892 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. यह खेप दो ट्रॉली बैग, एक झोला और एक अन्य बैग में छिपाकर रखी गई थी.मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
जीआरपी थाना सोननगर के थानाध्यक्ष श्याम जी रजक ने बताया कि नवीनगर आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक राम विलास राम को स्टेशन परिसर से गांजे की बड़ी खेप ले जाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम ने प्लेटफार्मों पर सघन छापेमारी अभियान शुरू किया. तलाशी के दौरान प्लेटफार्म संख्या दो पर स्टेशन नेम बोर्ड के समीप कुछ बैग संदिग्ध स्थिति में लावारिस पड़े दिखाई दिए. आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी उन सामानों पर अपना दावा नहीं किया.
21 पैकेटों में सेलो टेप से पैक था गांजा
संदेह गहराने पर पुलिस बल ने दोनों ट्रॉली बैग, झोला और बैग को खोलकर जांच की.जांच के दौरान बैगों के भीतर सेलो टेप से पूरी तरह लिपटे हुए कुल 21 पैकेट मिले.पैकेटों को खोलने पर मादक पदार्थ गांजा होने की पुष्टि हुई. सभी पैकेटों को जब्त कर जब वजन कराया गया, तो कुल वजन 31.892 किलोग्राम निकला.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
इस मामले में रेल थाना सोननगर में कांड संख्या 48/26 दर्ज करते हुए अज्ञात तस्करों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है
थानाध्यक्ष ने बताया कि गांजे की इस खेप को स्टेशन तक पहुंचाने वाले सिंडिकेट की पहचान के लिए स्टेशन परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.