World · BREAKING
दाउदनगर में 20 घंटे बाद नहर से मिली लाश; टीचर कॉलोनी में चीख-पुकार, मां बोली - मेरा लाल लौटा दो।
औरंगाबाद। दाउदनगर शहर के वार्ड नंबर 25, टीचर कॉलोनी में सोमवार सुबह उस वक्त कोहराम मच गया, जब करीब 20 घंटे से हर्षित कुमार का शव बड़ी नहर (पटना मेन कैनाल) से बरामद हुआ। घर का इकलौता चिराग बुझते ही पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया, मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
*अंडा लेने निकला और फिर नहीं लौटा*
जानकारी के अनुसार, हर्षित के पिता राहुल कुमार पेशे से शिक्षक हैं। वे मूल रूप से अरवल जिले के मेहंदिया थाना क्षेत्र के मडइला गांव के निवासी हैं, लेकिन पिछले करीब 10 सालों से परिवार के साथ दाउदनगर के वार्ड 25, टीचर कॉलोनी (अशोका फील्ड) में अपना घर बनाकर रह रहे हैं।
रविवार दोपहर करीब 2 बजे हर्षित घर से "अंडा लेने जा रहा हूं" कहकर निकला था। जब शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। पहले लगा कहीं खेलने चला गया होगा, लेकिन देर रात तक कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने आसपास के दुकानदारों, रिश्तेदारों और पूरे मोहल्ले में खोजबीन शुरू की, पर हर जगह निराशा हाथ लगी।
*केरा के पास नहर में मिला शव*
सोमवार सुबह करीब 10 बजे केरा के पास पटना मेन कैनाल में स्थानीय लोगों ने एक किशोर का शव तैरता देखा। शोर मचने पर भीड़ जुटी और दाउदनगर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नहर से बाहर निकलवाया। कपड़ों और हुलिए से परिजनों ने उसकी पहचान हर्षित के रूप में की।
*पुलिस जांच में जुटी*
थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला नहर में डूबने से मौत का लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि किशोर नहर तक कैसे पहुंचा।
इधर, घटना के बाद से मृतक की मां बार-बार बेहोश हो रही हैं। उनका एक ही विलाप है - "मेरा बेटा अंडा लेने गया था, उसे कौन ले गया..." पूरे टीचर कॉलोनी में सन्नाटा और शोक का माहौल है।