World · BREAKING

धान रोपनी के दौरान करंट की चपेट में आईं तीन महिलाएं, एक की मौत, दो घायल

Admin ·3 min read ·August 4, 2026 ·6 views
धान रोपनी के दौरान करंट की चपेट में आईं तीन महिलाएं, एक की मौत, दो घायल
हसपुरा थाना क्षेत्र के अल्प गांव की तीन महिलाएं धान रोपनी के दौरान बिजली के करंट की चपेट में आ गईं। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। मिली जानकारी के अनुसार, अल्प गांव निवासी कमलेश पासवान की 35 वर्षीय पत्नी देवंती देवी, परम साव की 50 वर्षीय पत्नी प्यारी देवी तथा अजय पासवान की 35 वर्षीय पत्नी रिंकी देवी गांव से सटे बंगाली बिगहा में मजदूरी करने धान की रोपनी के लिए गई थीं। इसी दौरान वे बिजली के करंट की चपेट में आ गईं। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से तीनों महिलाओं को तत्काल इलाज के लिए कोइलवा पीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने देवंती देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल प्यारी देवी और रिंकी देवी का इलाज पचरुखिया स्थित एक निजी क्लिनिक में चल रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बिजली के तार काफी जर्जर हो चुके हैं और लंबे समय से हादसे की आशंका बनी हुई थी। उनका आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह दर्दनाक घटना हुई है। अल्प गांव के मुन्ना कुमार, सुधीर कुमार, बैजू राम, निवास कुमार, रामप्रवेश सिंह, सत्येंद्र राम, अजय पासवान, जितेंद्र पासवान, कमलेश पासवान सहित दर्जनों ग्रामीणों ने बिजली विभाग से गांव के जर्जर बिजली तारों को अविलंब बदलने की मांग की है। घटना की सूचना पौथू थाना पुलिस को दे दी गई है।